देहरादून, 14 अक्टूबर (भाषा) नैनीताल प्रशासन ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष एक जनवरी से आठ अक्टूबर के बीच जिले से 98 ‘‘उपद्रवी तत्वों’’ को जिला बदर किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और विकास कार्यों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सख्त रुख अपना रहा है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले में उपद्रवी तत्वों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अदालत ने बुधवार को बनभूलपुरा के रहने वाले शाहनवाज अंसारी उर्फ आटू और अभिमन्यु सागर उर्फ सनी सागर को क्रमशः छह महीने और तीन महीने के लिए, रिजवान इलियास को दो महीने के लिए और बिंदुखत्ता के रहने वाले विष्णु आरव को दो महीने के लिए जिला बदर करने के आदेश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि इस अवधि के दौरान, आरोपियों को जिले की सीमा से बाहर रहना होगा और आदेशों का उल्लंघन करने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
राय ने कहा, ‘‘जिला प्रशासन कानून का शासन बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता से काम कर रहा है। इस मकसद के लिए उपद्रवी तत्वों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई करना जरूरी है। जिले में कानून-व्यवस्था से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
भाषा दीप्ति सुरभि
सुरभि