छतरपुर, 14 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक नाले में मंगलवार को तेंदुए का शव पाया गया। वन विभाग ने प्रारंभिक जांच के आधार पर उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से होने की आशंका जताई है।
वनमंडलाधिकारी ऋषि मिश्र ने बताया कि बड़ामलहरा वन परिक्षेत्र के पिपरिया हल्का स्थित नाले में तेंदुए का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग ने कार्रवाई की। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और राज्य के मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल को सुरक्षित कर घेराबंदी की गई।
उन्होंने बताया कि जांच के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व से श्वान दल बुलाया गया। मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता और ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी बृजेश कुमार कोर ने किया। जांच में तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
वन विभाग ने 13 अक्टूबर को वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। मामले की विस्तृत जांच वन विभाग के उपमंडलाधिकारी बकस्वाहा कर रहे हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव का निपटान कर दिया गया है। विभाग के अनुसार, पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा सं दिमो संतोष
संतोष