नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) भारतीय मुक्केबाजी टीम 18 अक्टूबर से मोनटेनेग्रो के बुडवा में शुरू होने वाली विश्व अंडर-19 चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। भारत का 18 सदस्यीय दल बुधवार को रवाना हो गया।
भारत ने दो साल पहले अमेरिका के कोलोराडो में आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले सत्र में चार स्वर्ण, आठ रजत और पांच कांस्य सहित कुल 17 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया था। इंग्लैंड की टीम शीर्ष पर रही थी।
मौजूदा भारतीय टीम में इस साल की शुरुआत में जकार्ता में आयोजित एशियाई अंडर-19 मुक्केबाजी चैंपियनशिप के स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं के अलावा अन्य भार वर्गों में आयोजित चयन ट्रायल के विजेता शामिल हैं।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमारे दल में काफी मजबूत खिलाड़ी हैं और टीम के लगभग सभी मुक्केबाज पूरे साल असाधारण प्रदर्शन करते रहे हैं। मुझे विश्वास है कि हम ज्यादातर भार वर्गों में पदक जीत सकते हैं और उम्मीद है कि दो साल पहले की तुलना में अपने स्वर्ण पदकों की संख्या में भी सुधार करेंगे।’’
महिला वर्ग में एशियाई अंडर-19 चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता प्राची (57 किग्रा) भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। उनके अलावा रजत पदक विजेता जॉयश्री देवी चिरोम (54 किग्रा), चाहत (60 किग्रा), अंशिका (75 किग्रा), मेघा श्योकंद (80 किग्रा) और प्राची टोकस (80 किग्रा से अधिक) भी टीम में शामिल हैं।
पुरुष टीम में एशियाई अंडर-19 चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आदित्य (55 किग्रा) और ध्रुव (90 किग्रा) के अलावा अनुभवी मुक्केबाज मौसम सुहाग भी शामिल हैं।
भारतीय टीम इस प्रकार है :
महिला वर्ग: हिमांशी (48 किग्रा), जॉयश्री देवी चिरोम (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), चाहत (60 किग्रा), हर्षिका (65 किग्रा), लक्षु (70 किग्रा), अंशिका (75 किग्रा), मेघा श्योकंद (80 किग्रा), प्राची टोकस (80 किग्रा से अधिक)।
पुरुष वर्ग: अमन देव (50 किग्रा), आदित्य (55 किग्रा), शिवम (60 किग्रा), मौसम सुहाग (65 किग्रा), प्रशांत (70 किग्रा), लोकेश (80 किग्रा), त्रिदेव (85 किग्रा), ध्रुव (90 किग्रा), कृष (90 किग्रा से अधिक)।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता