Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

धामी ने उत्तराखंड के ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं

देहरादून, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे किसानों को बुधवार को निर्धारित आपदा राहत मानकों के अतिरिक्त समान राशि की सहायता देने और अक्टूबर से दिसंबर तक तीन महीने के बिजली बिलों के भुगतान को स्थगित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के ऋण की अदायगी तीन महीने के लिए स्थगित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

धामी ने कहा कि कृषि, बागवानी और गन्ने की फसलों को हुए नुकसान के लिए निर्धारित आपदा राहत मानकों के अतिरिक्त समान राशि की सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रभावित किसानों के बिजली बिल के भुगतान को तीन महीने के लिए स्थगित करने और किसान क्रेडिट कार्ड के ऋण की अदायगी में राहत दिलाने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को ऋण भुगतान में राहत दिलाने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड के ऋण की अदायगी तीन माह तक स्थगित करने का अनुरोध करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्रालय को पत्र भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने और उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न कठिनाइयों से उबारने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आजीविका और कृषि गतिविधियों को सुरक्षित बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।’’

हाल में हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों सहित राज्य के कई क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ था।

भाषा दीप्ति सुरभि

सुरभि