नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों के साथ उनके कोच को बुधवार को शिवत्रिनेत्र ग्रुप ने उनके शानदार प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
एक विज्ञप्ति के अनुसार खिलाड़ियों और कोच प्रत्येक को 51,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
इस कार्यक्रम में महिला टीम की नेहा, ज्योति रुमावत और साक्षी राणा जबकि पुरुष टीम के यशदीप सिवाच, अभिषेक नैन और सुमित मौजूद थे।
शिवत्रिनेत्र एक विविध कारोबार समूह है जो यात्रा, लग्जरी, विमानन, रियल एस्टेट, खेल और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में कारोबार करता है।
शिवत्रिनेत्र ग्रुप के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों की उपलब्धियां वर्षों की कड़ी मेहनत, त्याग, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का नतीजा हैं। हमारा उद्देश्य उनके योगदान को पहचानना, उनके समर्पण की सराहना करना और युवा प्रतिभाओं को अपने खेल संबंधी सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करना है। ’’
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर