चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (भाषा) मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए तरनतारन जिले में पंजाब सरकार की ड्रोन-रोधी प्रणाली में तैनात राज्य पुलिस के एक कांस्टेबल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि कांस्टेबल करनदीप सिंह को तरनतारन के सराय अमानत खान इलाके में जांच के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक टीम ने रोका और उसकी कार से 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।
सूत्रों ने बताया कि कांस्टेबल को पकड़ने के बाद बीएसएफ ने इस मामले की जानकारी स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) को दी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कांस्टेबल ड्रोन-रोधी प्रणाली में तैनात था।
सूत्रों के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पंजाब सरकार ने पिछले साल अगस्त में सीमावर्ती इलाकों में अपनी ड्रोन-रोधी प्रणाली स्थापित की थी। राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाना था।
भाषा शफीक पारुल
पारुल