Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की

(फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर भारत और कनाडा के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

मोदी ने कहा कि भारत कनाडा के साथ रचनात्मक और दूरदर्शी रणनीतिक साझेदारी विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे दोनों देशों के लोगों को फायदा मिले।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मिलकर खुशी हुई। इस दौरान भारत और कनाडा के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत बनाने पर सार्थक चर्चा हुई।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुलाकात के दौरान मोदी और आनंद ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने तथा व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क और बहुपक्षीय सहयोग समेत साझा हितों के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा की।

मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता जारी रखने और उसे ठोस परिणामों में बदलने के महत्व पर जोर दिया, जिसमें व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत को जल्द से जल्द पूरा करना भी शामिल है।

बयान में कहा गया है कि उन्होंने साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय व वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया।

मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह उनके साथ आगे भी बातचीत जारी रखने के इच्छुक हैं।

यह मुलाकात मोदी और कार्नी के बीच फोन पर बातचीत के एक दिन बाद हुई।

मंगलवार को कार्नी से फोन पर बातचीत के बाद मोदी ने कहा था कि भारत और कनाडा मिलकर “अधिक स्थिर व समृद्ध दुनिया” बनाने में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा था कि दोनों नेता भारत-कनाडा संबंधों में आई सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क में ठोस परिणाम हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमत हुए।

कार्नी के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत जल्द से जल्द पूरी करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भाषा

देवेंद्र जोहेब

जोहेब