सहारनपुर (उप्र), 14 अक्टूबर (भाषा) सहारनपुर जिले में कारोबारी अरबीन चौहान की हत्या के मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन के नेतृत्व में मृतक के परिजनों समेत सैकड़ों लोगों ने गंगोह थाने पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को तीन दिन में प्रभावी कार्रवाई करने का अल्टीमेटम देते हुए ऐसा नहीं होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान मृतक की मां ने थाने में धरना दिया और आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने तथा उन्हें मुठभेड़ में मार गिराने की मांग की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर बुलाई गई और इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को थाने से बाहर खदेड़ दिया।
सांसद इकरा हसन ने कहा कि अरबीन चौहान की हत्या बेहद दुखद घटना है और वह परिवार को न्याय दिलाने के लिए यहां पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि घटना सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड है।
इकरा ने कहा कि पुलिस-प्रशासन ने दो-तीन दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया है और अगर तीन दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में लोग दोबारा धरने पर बैठेंगे।
सपा सांसद इकरा के भाई विधायक नाहिद हसन ने कहा कि हत्या को पांच दिन बीत चुके हैं लेकिन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने मांग की कि शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस बीच, गंगोह के पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र प्रताप गौतम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन अपनी बात रखने के लिए कुछ लोगों के साथ थाने आए थे और पुलिस अधिकारियों ने उनकी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना है।
गौतम ने बताया कि मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति हिरासत में है। उन्होंने बताया कि जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम गठित की गई है, जिनमें से दो टीम मुख्यालय स्तर पर और तीन थाना स्तर पर काम कर रही है।
गंगोह थाना क्षेत्र के कलरेहड़ी गांव में शुक्रवार रात टायरों से तेल निकालने वाली फैक्टरी के मालिक अरबीन चौहान (45) की उनकी फैक्टरी में पहुंचे कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और हथियारों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना में उनका भतीजा सादिक घायल हो गया था।
घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
भाषा सं. सलीम सुरभि
सुरभि