नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुग्राम की रियल एस्टेट कंपनी ‘ओशन सेवन बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड’ (ओएसबीपीएल), उसके प्रवर्तक स्वराज सिंह यादव और उनकी पत्नी के खिलाफ घर खरीदारों के साथ “धोखाधड़ी” के मामले से जुड़ी धन शोधन जांच में 136 करोड़ रुपये से ज्यादा की जमीन और बैंक जमा जब्त किए हैं।
केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि जब्त की गई संपत्तियों में जयपुर जिले के बिलोंची गांव और राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ में स्थित भूखंड; गुरुग्राम के सेक्टर-102 में एक रिहायशी भूखंड; और कंपनी, यादव तथा उनकी पत्नी सुनीता स्वराज के पांच बैंक खातों में जमा रकम शामिल हैं।
एजेंसी ने बताया कि इन संपत्तियों की कुल कीमत 136.42 करोड़ रुपये है, जिसमें बैंक में जमा 69.06 लाख रुपये भी शामिल हैं।
स्वराज सिंह यादव को ईडी ने नवंबर 2025 में गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने मनमाने ढंग से बुकिंग रद्द करके और दोबारा अलॉटमेंट करके किफायती आवासीय परियोजना के खरीदारों को धोखा दिया था।
ईडी का आरोप है कि ओएसबीपीएल ने दिसंबर 2006 से मार्च 2015 के बीच राजस्थान में अपनी चार परियोजनाओं— बिलोंची में एम्बर गार्डन और कोटपुतली-बहरोड़ में कोट रेजिडेंसी, कोट फार्म्स और कोट इंडस्ट्रियल एस्टेट — में भूखंड खरीदारों से 118 करोड़ रुपये से ज्यादा जमा किए।
एजेंसी ने बताया कि यह पैसा इस बात के आधार पर इकट्ठा किया गया था कि परियोजना को विकसित किया जाएगा और आवंटित किए गए भूखंड का कब्जा लगभग तीन से चार साल के अंदर सौंप दिया जाएगा। हालांकि ऐसा हुआ नहीं।
भाषा प्रशांत रंजन
रंजन