Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

कोलकाता में हाल में रंगी गई सड़क पर फिसले बाइक सवार, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

कोलकाता, 14 अक्टूबर (भाषा) दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता में हाल में रंगी गई एक सड़क पर मोटरसाइकिल सवारों के फिसलने के वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद वाहन चालकों और पर्यावरणविदों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

शहर की कई सड़कों को हाल में नया रूप दिया गया है। पश्चिम बंगाल सरकार ने इन्हें चमकीले रंगों से रंगवाया है।

शहरी विकास एवं नगर निकाय मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि दक्षिण कोलकाता में गरियाहाट फ्लाईओवर, पूर्वी कोलकाता में चिंगरीघाटा फ्लाईओवर और शहर के मध्य में रेड रोड के एक हिस्से को सुरक्षा दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए इंद्रधनुषी रंगों से रंगा गया है।

पॉल ने संवाददाताओं को बताया कि शहर को सुंदर बनाने और उसकी सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए पार्क सर्कस के सेवन प्वाइंट क्रासिंग और गरियाहाट फ्लाईओवर के पास पारंपरिक बंगाली सजावटी कला ‘अल्पना’ भी बनाई गई है।

मंत्री ने कहा कि ये रंग कुछ महीनों में उतर जाएंगे।

दिन के दौरान चिंगरीघाटा फ्लाईओवर पर बारिश से गीली हुई इंद्रधनुषी रंगों वाली सड़क पर बाइक सवारों के फिसलने के वीडियो वायरल हुए। हालांकि, पीटीआई इन वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।

पर्यावरणविद् सोमेंद्र मोहन घोष ने पीटीआई-भाषा से कहा कि शहर को सुंदर बनाने की कोई भी पहल स्वागतयोग्य है, लेकिन सड़कों पर ऐसे रंगों के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

घोष ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पॉल और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, दोनों को पत्र लिखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चिंतित हूं। सड़क पर चमकदार ऑयल पेंट खतरनाक है और इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’

पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यकर्ता नबा दत्ता ने सवाल उठाया कि क्या सड़कों को चमकीले रंगों से रंगने के उद्देश्य को पर्याप्त रूप से स्पष्ट किया गया है और क्या इस पहल में सड़क का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर पड़ने वाले प्रभावों को महत्व दिया गया है।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश