नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से बुधवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है:
दि50: राहुल एनएसयूआई
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ‘भारत की आवाज’ के खिलाफ खड़े हुए : राहुल गांधी
नयी दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई से जुड़े कुछ प्रदर्शनकारियों की पुलिस द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दोनों नेता ‘‘भारत की आवाज’’ के खिलाफ खड़े हैं।
दि100: न्यायालय प्रदर्शन लीड मेट्रो
दिल्ली में प्रदर्शन के दिन मेट्रो सेवाओं में कोई कटौती नहीं की गई थी: डीएमआरसी ने न्यायालय में कहा
नयी दिल्ली, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान मेट्रो सेवाओं में कोई कटौती नहीं की गई, ना ही ट्रेनें रद्द की गई थीं तथा 10 अक्टूबर को 303 में से 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास पर पाबंदी लगाई गई थी।
दि75: मोदी लद्दाख परियोनाएं
प्रधानमंत्री मोदी लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को लद्दाख में लगभग 3,350 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचा, सामरिक सड़क संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा, विरासत संरक्षण और जल सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
दि105: लोकपाल पीएम केयर्स फंड
लोकपाल ने ‘पीएम केयर्स फंड’ में अनियमितताओं की शिकायत का निस्तारण किया
नयी दिल्ली, भ्रष्टाचार-रोधी संस्था लोकपाल ने ‘पीएम केयर्स फंड’ के सिलसिले में सरकारी कर्मचारियों द्वारा अपने पद के दुरुपयोग और अंशदान संग्रहण एवं उसे संभालने में गड़बड़ी के आरोपों वाली शिकायत का निस्तारण करते हुए कहा है कि शिकायतकर्ता की दलीलें पहली नजर में अपर्याप्त हैं।
दि19: हसीना लीड साक्षात्कार
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल नहीं होने का रहमान का फैसला बांग्लादेश के हितों के खिलाफ : हसीना
नयी दिल्ली, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि भारत में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होने का उनके देश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का फैसला ‘‘अपरिपक्व’’ था और इससे बांग्लादेश के राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचा।
दि82: दिल्ली कॉजपा दूसरी लीड जेल
कॉजपा नेता सौरव दास, आशुतोष रांका पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
नयी दिल्ली, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को शांति बनाए रखने के लिए भरे गए बॉण्ड का कथित तौर पर उल्लंघन करने और जंतर-मंतर पहुंचने के लिए एक निजी परिसर में अनधिकृत प्रवेश करने के आरोप में बुधवार को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रादे98: एअर इंडिया तीसरी लीड विमान
'हाईजैक अलर्ट' के बाद एअर इंडिया की फ्रैंकफर्ट-दिल्ली उड़ान को जयपुर में उतारा गया
जयपुर, एअर इंडिया के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे यात्री विमान को बुधवार सुबह 'हाईजैक अलर्ट' के बाद मार्ग परिवर्तन करके जयपुर हवाई अड्डे की ओर भेज दिया गया। सूत्रों ने बताया किया यह विमान यहां आपात स्थिति में उतरा।
प्रादे94: बंगाल ममता हमला पुलिस
ममता पर चाकू से हमला करने की शिकायत में कोई दम नहीं है: कोलकाता के पुलिस आयुक्त
कोलकाता, कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने बुधवार को इन आरोपों को खारिज कर दिया कि पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने जाते समय उनके आवास के बाहर एक महिला ने हमला किया था।
प्रादे89: बिहार नाव हादसा दूसरी लीड लापता तलाश
बिहार नाव हादसा: लापता लोगों की तलाश जारी, जांच के आदेश
हाजीपुर, वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 बच्चों की मौत की घटना के एक दिन बाद बुधवार को लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वि15: अमेरिका मिलबेन कॉजपा
अमेरिकी गायिका मिलबेन का दावा, कॉकरोच जनता पार्टी को अमेरिका में दानदाताओं से मिल रहा चंदा
वॉशिंगटन, अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने बुधवार को आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) को अमेरिका में ‘दानदाताओं से आर्थिक मदद’ मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह ‘चुप रहने का समय नहीं है’ और भारत के सभी ‘युवा देशभक्तों’ को संगठन की ‘विघटनकारी सोच’ के खिलाफ उठ खड़े होने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना चाहिए।
वि25: अमेरिका ट्रंप शरणार्थी
ट्रंप प्रशासन ने शरणार्थी दर्जा रद्द करने के खिलाफ अपील की समयसीमा घटाई, निर्वासन की आशंका बढ़ी
मियामी, अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने शरणार्थियों के उनका दर्जा समाप्त किए जाने के खिलाफ अपील करने की समयसीमा घटा दी है। आलोचकों का कहना है कि इस कदम से अपने देशों में उत्पीड़न और युद्ध के कारण भागकर आए हजारों लोगों के निर्वासन का रास्ता खुल सकता है।
अर्थ74: लीड आईडीबीआई हिस्सेदारी बिक्री
आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी फेयरफैक्स, वित्तीय क्षेत्र में सबसे बड़ा एफडीआई
नयी दिल्ली, कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स करीब 53,000 करोड़ रुपये (5.5 अरब डॉलर) में आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। यह किसी भारतीय बैंक में अबतक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा। साथ ही यह देश में बहुप्रतीक्षित बैंक क्षेत्र के निजीकरण की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
अर्थ42: मंत्रिमंडल रेलवे बोनस
मंत्रिमंडल ने 11 लाख से अधिक रेल कर्मचारियों के लिए उत्पादकता आधारित बोनस को दी मंजूरी
नयी दिल्ली, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 11,40,770 रेल कर्मचारियों को 78 दिन के उत्पादकता आधारित बोनस के भुगतान को मंजूरी दी है।
खेल14: खेल आईसीसी रैंकिंग
अय्यर आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर
दुबई, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैच की मौजूदा श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन की बदौलत आईसीसी की बल्लेबाजों की नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में तीन स्थान के फायदे से करियर के सर्वश्रेष्ठ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
खेल9: खेल मुक्केबाजी बीएफआई सचिव लीड निलंबन
बीएफआई ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में महासचिव प्रमोद कुमार को निलंबित किया
नयी दिल्ली, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कथित वित्तीय अनियमितताओं, जांच में सहयोग नहीं करने और अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने के आरोप में महासचिव प्रमोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश