Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

रुपया 19 पैसे की बढ़त के साथ 95.17 प्रति डॉलर पर, एक माह का उच्च स्तर

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) रुपये में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 19 पैसे मजबूत होकर 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से डॉलर की मांग कम होने और विदेशी मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी पर अंकुश लगने से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये में तेजी के साथ यह एक महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया। आरबीआई के सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के उपायों के अलावा डॉलर में कमजोरी और अमेरिकी सरकारी बॉण्ड पर प्रतिफल घटने से भी रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.05 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.76 के निचले स्तर तक आया। कारोबार के अंत में रुपया 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 19 पैसे की बढ़त है।

रुपया मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में मजबूत हुआ था और 42 पैसे की बढ़त के साथ 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

पिछले चार कारोबारी सत्रों में रुपये में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले कुल 171 पैसे की तेजी आई है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रुपये में सकारात्मक रुख बना रहेगा। अत्यधिक सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए आरबीआई के हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिल सकता है। डॉलर में कमजोरी और अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल में गिरावट भी रुपये के लिए सहायक हो सकती है।’’

इस बीच, बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य पदार्थों, विनिर्मित वस्तुओं तथा ईंधन एवं बिजली की कीमतें बढ़ने से सितंबर में थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति बढ़कर 11.39 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 9.92 प्रतिशत थी।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा था कि पिछले डेढ़ साल में रुपये में काफी गिरावट आई है और आरबीआई घरेलू मुद्रा में अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने के प्रयास जारी रखेगा।

केंद्रीय बैंक ने रुपये की गिरावट पर अंकुश लगाने के लिए कई उपायों की 10 अक्टूबर को घोषणा की थी।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत मजबूत होकर 102.23 पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.64 प्रतिशत बढ़कर 106.37 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 251.89 अंक लुढ़ककर 72,781.89 अंक पर, जबकि निफ्टी 99.25 अंक टूटकर 22,622.70 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,857.44 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय