Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

उत्तरकाशी के स्कूलों में वित्तीय साक्षरता, साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया

उत्तरकाशी, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के प्रमुख स्कूलों में पुलिस ने वित्तीय साक्षरता और साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्रों को साइबर अपराधियों के झांसे से बचने के लिए डिजिटल सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से शुरू हुए ‘अर्थसूत्र संवाद’ अभियान के दौरान छात्रों और अन्य उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए साइबर अपराध के उपनिरीक्षक अनूप नयाल ने कहा, ‘‘साइबर अपराधी लोगों को ठगने के लिए लगातार अपने तरीके बदलते रहते हैं। किसी भी व्यक्ति को अनजान लोगों के साथ अपना ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।’’

यह अभियान उत्तराखंड पुलिस और ‘बजाज फाइनेंस लिमिटेड’ के सहयोग से चलाया गया।

नयाल ने कहा कि वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के मामले में शुरुआती 60 मिनट ‘गोल्डन आवर’ होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड पुलिस की मदद से तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने से चोरी हुए पैसे का पता लगाने, उसे ‘फ्रीज’ कराने और वापस पाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।’’

अभियान के दौरान सैकड़ों छात्रों ने संकल्प लिया कि वे अपने माता-पिता पर किस्तों (ईएमआई) पर महंगे गैजेट या अन्य सामान खरीदने के लिए दबाव नहीं डालेंगे, ताकि परिवार के बजट पर अनावश्यक बोझ न पड़े।

कांसी और श्रीकोट के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में भी जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों को ग्राम प्रधानों का भी समर्थन मिला।

भाषा सं दीप्ति सुरभि

सुरभि