काठमांडू, 14 अक्टूबर (भाषा) नेपाल की संसदीय समिति ने भारत समेत 10 देशों में राजदूतों की नियुक्त के लिए प्रस्तावित नामों को बुधवार को मंजूरी दे दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
संसद सचिवालय के प्रवक्ता एकराम गिरि ने बताया कि संसदीय सुनवाई समिति ने भारत में राजदूत पद के लिए निश्चल नाथ पांडे, चीन के लिए कल्याण राज शर्मा और अमेरिका के लिए चिरंजुंग थापा के नाम को मंजूरी दी।
समिति ने ब्रिटेन, जर्मनी, इजराइल, ओमान, दक्षिण कोरिया, स्पेन और श्रीलंका में राजदूत नियुक्त करने के लिए प्रस्तावित नामों को भी मंजूरी दी।
इससे पहले, मंत्रिमंडल ने 18 सितंबर को विभिन्न देशों में राजदूत नियुक्त करने के लिए 13 नामों की सिफारिश की थी। हालांकि, इनमें से तीन नामों पर संसदीय सुनवाई समिति का फैसला अभी बाकी है।
संसद से मंजूरी मिलने के बाद इन नामों को संबंधित देशों के पास उनकी सहमति लेने के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ही प्रस्तावित उम्मीदवारों को नेपाल का राजदूत औपचारिक रूप से नियुक्त किया जाएगा।
भाषा जोहेब पारुल
पारुल