नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली सरकार नैदानिक सेवाओं को मजबूत करने और चिकित्सकों को विशेष रूप से आपातकालीन मामलों में बीमारियों का तेजी से पता लगाने में मदद करने के लिए लोक नायक अस्पताल में तीसरी पीढ़ी का ‘डुअल-सोर्स सीटी स्कैनर’ और 3-टेस्ला एमआरआई प्रणाली स्थापित करेगी। एक आधिकारिक बयान में बुधवार को यह जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इन मशीनों से तंत्रिका तंत्र, हृदय संबंधी और कैंसर से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को बेहतर ‘इमेजिंग’ सेवाएं मिलेंगी।
मंत्री ने एक बयान में कह कि ‘डुअल-सोर्स सीटी स्कैनर’ में दो एक्स-रे ट्यूब का उपयोग होता है और यह एक सेकंड से भी कम समय में छाती का स्कैन पूरा कर सकता है।
बयान के मुताबिक, 3-टेस्ला एमआरआई प्रणाली से तंत्रिका तंत्र संबंधी विकारों, हृदय रोग, कैंसर, स्तन संबंधी बीमारियों, मूत्र रोगों, हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं तथा बच्चों के इलाज के लिए इमेजिंग जांच की सुविधा मिलेगी।
सिंह ने कहा कि ये उन्नत नैदानिक सुविधाएं समय पर और सटीक निदान को मजबूत करेंगी, मरीज की देखभाल में सुधार करेंगी और दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच का विस्तार करेंगी।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश