Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

दिल्ली में तापमान में मामूली बढ़ोतरी, अगले दो दिन हल्की बारिश होने का आईएमडी का अनुमान

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिन में कई स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक और पिछले दिन की तुलना में 1.2 डिग्री ज्यादा है। अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री और मंगलवार के मुकाबले 0.8 डिग्री अधिक है।

अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि कुछ केंद्रों पर अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई। पालम में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.8 डिग्री अधिक है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम और मंगलवार के मुकाबले 0.6 डिग्री अधिक है।

लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और रिज में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं, रिज में बुधवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार के मुकाबले 0.2 डिग्री कम है।

आईएमडी ने बृहस्पतिवार को हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। कई स्थानों पर हल्की बारिश और कई अन्य स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान दोपहर से शाम के बीच बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।’’

अधिकारी ने कहा कि बृहस्पतिवार रात भी कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 181 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। मंगलवार को इसी समय यह 158 था।

सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश

अविनाश