नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज में 23-वर्षीय एक युवक की चार अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित शाहिद हुसैन शाहीनबाग थाने का खराब चरित्र का व्यक्ति था और दो दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस अधिकारियों बताया कि यह घटना श्रीराम चौक पर हुई, जहां पुलिस को लावारिस स्कूटर मिला और वहीं पास में खून के धब्बे पड़े दिखे।
पुलिस के अनुसार, जामिया नगर निवासी हुसैन कालिंदी कुंज थाने के बीसी शाबिद मलिक उर्फ मोनू से मिलने बसंतपुर गया था। दोनों की मुलाकात एक रेस्तरां में हुई।
पुलिस ने बताया कि जब हुसैन अपने स्कूटर से लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार चार लोगों ने उसके वाहन को ओवरटेक करके उसे रोका और उसे चाकू मार दिया तथा फरार हो गए।
एक पुलिस कांस्टेबल हुसैन को अपोलो अस्पताल ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 5.32 बजे पुलिस को अस्पताल की मेडिको-लीगल रिपोर्ट प्राप्त हुई।
पुलिस ने बताया कि मलिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों की पहचान करने तथा उन्हें पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश