Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

लखनऊ के गन्ना किसान संस्थान परिसर में 52 रुपये प्रति किलो मिलेगी चीनी

लखनऊ, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चीनी के बढ़ते दाम से आम लोगों को राहत देने के लिए गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित बिक्री केंद्र पर 52 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चीनी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने यह व्यवस्था की है।

विभाग की ओर से बुधवार को जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने चीनी की कीमतों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

बयान के अनुसार इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम और सहकारी चीनी मिल संघ के बिक्री केंद्र पर रियायती दरों पर चीनी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

बयान के मुताबिक बिक्री केंद्र पर एक किलोग्राम चीनी का पैकेट 52 रुपये और दो किलोग्राम का पैकेट 102 रुपये में मिलेगा। वहीं, पांच किलोग्राम के पैकेट की कीमत 250 रुपये और 50 किलोग्राम के पैकेट की कीमत 2500 रुपये निर्धारित की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर की चीनी के एक और दो किलोग्राम के पैकेट क्रमशः 51 रुपये और 102 रुपये में उपलब्ध होंगे। इसके पांच किलोग्राम के पैकेट की कीमत 245 रुपये और 50 किलोग्राम के पैकेट की कीमत 2400 रुपये रखी गई है।

विभाग ने बयान में बताया कि चीनी की विशेष बिक्री हर कार्यदिवस में नियमित रूप से की जाएगी और उपभोक्ता सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित बिक्री केंद्र पर पहुंचकर चीनी खरीद सकते हैं।

बयान में कहा गया है कि उपभोक्ताओं की सुविधा और खरीदारी की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए बिक्री केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और लोग अपनी जरूरत के मुताबिक अलग-अलग वजन के पैकेट खरीद सकेंगे।

भाषा सलीम संतोष

संतोष