नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाष) भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस की छात्र इकाई की महिला सदस्यों पर कथित हमलों को लेकर दिल्ली पुलिस ने 24 घंटे में प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को संगठन की महिला सदस्यों पर दिल्ली पुलिस के कर्मियों द्वारा कथित हमले पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने को लेकर बुधवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे।
संगठन ने कहा कि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने मौखिक रूप से उनके प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
जाखड़ ने चेतावनी दी कि अगर निर्धारित समय के भीतर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को फिर से थाने पहुंचेगा।
उन्होंने ने कहा, 'हमारी महिला सदस्यों पर कथित हमला एक गंभीर मामला है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हमारे सदस्य अपनी आवाज उठा रहे थे और वे न्याय के हकदार हैं, हिंसा के नहीं।'
उन्होंने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि जब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती और उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक संगठन लोकतांत्रिक और कानूनी तरीकों से मामले को आगे बढ़ाता रहेगा।
एनएसयूआई ने कहा कि वह अपनी महिला सदस्यों की गरिमा और सुरक्षा से संबंधित मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।
भाषा नोमान
नोमान रंजन
रंजन
रंजन