Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

पंजाब के पठानकोट में सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार

पठानकोट (पंजाब), 14 अक्टूबर (भाषा) पठानकोट पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर इस मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 7.823 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई दो चरणों में किए गए एक संयुक्त अभियान के तहत की गई।

पुलिस ने अमृतसर ग्रामीण के वडाला गांव के निवासी गुरपंथ और गुरदासपुर के धियानपुर की रहने वाली उसकी सहयोगी हरमनजीत कौर को गिरफ्तार किया।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को कहा कि नशीले पदार्थों के बड़े नेटवर्क का पता लगाने, पैसों के लेन-देन की जांच करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

अभियान की जानकारी देते हुए पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मनप्रीत सिंह ने बताया कि विश्वस्त सूचना मिलने पर विशेष शाखा की टीम ने संदिग्ध गुरपंथ को रोककर पूछताछ की और उसके पास से 590 ग्राम हेरोइन बरामद की।

उन्होंने कहा कि उससे लगातार पूछताछ करने और उसके मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस टीम को अहम सुराग मिले। उन्होंने कहा कि इसके आधार पर फतेहगढ़ चूड़ियां में किराये के एक मकान पर छापा मारा गया।

एसएसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान गुरपंथ की महिला सहयोगी हरमनजीत कौर को गिरफ्तार किया गया और वहां से 7.233 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन जब्त की गई। इसके साथ ही कुल बरामदगी 7.823 किलोग्राम हो गई।

एसएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में गिरोह के सीमा पार से जुड़े होने के स्पष्ट संकेत मिले हैं। मौके से पाकिस्तान से संबंधित चिह्नों वाली विशिष्ट मुहरों के निशान लगे पैकेट भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के डिजिटल और तकनीकी संपर्कों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की खेप से संबंधित वीडियो के साथ-साथ वित्तीय लेनदेन और खातों का विवरण भी सामने आया है। इससे जांच में आगे महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।

इस संबंध में पठानकोट के सदर थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा सुरभि देवेंद्र

देवेंद्र