Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

परिसीमन का मुद्दा उठाकर कांग्रेस की विफलताएं छिपा रहे गहलोत: राठौड़

जयपुर, 14 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर परिसीमन का मुद्दा उठाकर कांग्रेस की विफलताओं को छिपाने का आरोप लगाया और पार्टी नेता सचिन पायलट के साथ एकजुटता के उनके दावों पर सवाल उठाए।

गहलोत के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री सत्ता गंवाने की निराशा में ऐसे बयान दे रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने मुख्यमंत्री रहते हुए वार्डों की सीमाओं में बदलाव किया और भाजपा को चुनाव जीतने से रोकने के लिए शहरों में दो-दो नगर निगम बनाए।

राठौड़ ने गहलोत और पायलट के संबंधों पर भी सवाल उठाते हुए दोनों के बीच अतीत में रहे राजनीतिक मतभेदों का उल्लेख किया।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘गहलोत को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह सचिन पायलट के साथ हैं या उनके बारे में अब भी वही विचार रखते हैं, जो पहले रखते थे।'

महिला आरक्षण और परिसीमन के जरिए लोकसभा तथा विधानसभा सीट की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर राठौड़ ने आरोप लगाया कि गहलोत अधूरी जानकारी के आधार पर बयान दे रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर आम सहमति बनाने का प्रयास किया था, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने इसमें बाधाएं खड़ी कीं।

राठौड़ ने चीन के साथ कथित समझौते को लेकर भी कांग्रेस से सवाल किए और पार्टी से इस संबंध में हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस परिसीमन को लेकर बयान देकर अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर है।

भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने विपक्ष में रहते हुए वर्षों तक काम करके जनता का विश्वास हासिल किया है, जबकि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है।

राठौड़ ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस न तो जनता के जनादेश का सम्मान करती है और न ही संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करती है।

उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह चाहते हैं कि न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग और कार्यपालिका जैसी संस्थाएं उनकी इच्छानुसार काम करें।

भाजपा नेता ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की अपनी निर्धारित प्रक्रियाएं हैं और संवैधानिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों को उनका सम्मान करना चाहिए।

भाषा बाकोलिया संतोष

संतोष