नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के फैसले को चुनौती देते हुए बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया।
भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने अध्यक्ष उदय भानु चिब के माध्यम से यह आवेदन एक लंबित याचिका में दायर किया है। इस याचिका में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मध्य दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी गई है।
आवेदन में याचिकाकर्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के 11 अक्टूबर के आदेश को चुनौती दी है। इस आदेश के तहत जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया था और विरोध प्रदर्शनों के लिए नये स्थलों के रूप में रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी मैदान को निर्धारित किया गया।
अधिवक्ता रूपेश सिंह भदौरिया ने मौजूदा याचिका में संशोधन करने के बाद यह नया आवेदन दायर किया।
लंबित याचिका पर 12 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उच्च न्यायालय को बताया था कि जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने का फैसला उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत लिया गया है।
दिल्ली पुलिस के वकील ने दलील दी थी कि रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को प्रदर्शन के नये स्थलों के रूप में निर्धारित किए जाने के बाद भारतीय युवा कांग्रेस की याचिका निरर्थक हो गई है।
भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से पेश वकील ने कहा था कि इस घटनाक्रम को देखते हुए वह याचिका में संशोधन करेंगे।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश