नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली यातायात पुलिस ने एक से 13 अक्टूबर के बीच विशेष अभियान के दौरान गलत दिशा में गाड़ी चलाने के आरोप 71 प्राथमिकी दर्ज की और ढाई हजार से ज्यादा चालान काटे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यातायात पुलिस में उत्तरी रेंज के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) डॉ सचिन कुमार सिंघल ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा बढ़ाने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, सुचारू यातायात सुनिश्चित करने और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरुकता पैदा करने के लिए चलाया गया था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और गलत दिशा में गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के साथ-साथ भारतीय न्यास संहिता की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाने) के तहत 71 प्राथमिकी दर्ज की गई और 2692 चालान काटे गए।
सिंघल ने बताया कि गलत दिशा में गाड़ी चलाना यातायात नियम का गंभीर उल्लंघन है जो वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन को खतरे में डालता है।
उन्होंने कहा कि इससे गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर, अचानक ब्रेक लगाना, यातायात जाम और गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
अधिकारी ने बताया कि उत्तरी रेंज ने संवेदनशील स्थानों और उन सड़कों पर कार्रवाई तेज कर दी है जहां गलत दिशा में गाड़ी चलाने की संभावना रहती है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश