Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

शिवसेना (उबाठा) नेता की हत्या के मामले में ठाणे की पूर्व महापौर को पूछताछ के लिए बुलाया गया

ठाणे, 14 अक्टूबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस मामले में पूछताछ के लिए शहर की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे को बुलाया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, अधिकारी ने यह नहीं बताया कि महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना की नेता शिंदे को पूछताछ के लिए किस तारीख को बुलाया गया है।

ठाणे पुलिस की जांच टीम ने मंगलवार को मीनाक्षी के पति राजेंद्र शिंदे से करीब नौ घंटे तक पूछताछ की थी। इस दौरान गिरफ्तार आरोपियों के साथ उनका आमना-सामना भी कराया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजेंद्र शिंदे ने 29 सितंबर को हुई हत्या से किसी भी तरह से जुड़े होने के आरोपों को खारिज किया है।

शुरू से ही पूर्णेकर परिवार ने शिंदे दंपति पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

मीनाक्षी शिंदे हाल तक उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी में संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रही थीं।

इस हत्या मामले में एसआईटी अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पूर्णेकर ठाणे शहर के मनपाड़ा में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के वार्ड प्रमुख थे। उन्नतीस सितंबर की रात उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया और गोली मारकर हत्या कर दी गई।

हत्या के दो दिन बाद प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर ने मीनाक्षी शिंदे और उनके पति पर इस अपराध की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

मीनाक्षी शिंदे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपराध में किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी राजनीतिक लाभ उठाने के लिए इस दुखद घटना का इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश