लंदन, 14 अक्टूबर (भाषा) जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में आग लगने से तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जर्मनी के सार्वजनिक प्रसारक डब्ल्यूडीआर (वेस्टडॉयचर रुंडफुंक) ने बोखुम पुलिस द्वारा जारी रिपोर्ट के हवाले से बताया कि मृतकों में 25 और 27 वर्ष की दो महिलाएं तथा 26 वर्षीय एक पुरुष शामिल हैं और ये तीनों भारतीय नागरिक थे।
इसने बताया कि उनकी पहचान और भारत में उनके गृह राज्यों के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
मंगलवार तड़के हुई इस घटना में पांच अन्य लोग भी घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट में उनकी राष्ट्रीयता और अन्य विवरण नहीं दिए गए हैं।
जर्मन समाचार चैनल एन-टीवी ने जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के हवाले से बताया कि पुलिस ने इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय एक व्यक्ति को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है। वह रोमानिया का नागरिक है।
जांचकर्ताओं ने आग लगने की वजह तकनीकी खराबी होने की आशंका को खारिज कर दिया है और आगजनी का संदेह जताया है।
हालांकि, आग जानबूझकर लगाई गई थी या दुर्घटनावश लगी, इसकी जांच अभी जारी है।
आग मंगलवार तड़के बोखुम के होफस्टेड इलाके में स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी थी। स्थानीय समयानुसार तड़के लगभग 4:15 बजे आपातकालीन सेवाओं को इसकी सूचना दी गई।
भाषा राखी देवेंद्र
देवेंद्र