Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

दिल्ली हाफ मैराथन के मार्ग में होंगे ‘मामूली बदलाव’

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के आयोजकों ने बुधवार को घोषणा की कि रविवार को होने वाली दौड़ के मार्ग में ‘मामूली बदलाव’ किए जाएंगे। वहीं 10 किमी दौड़ अब संसद मार्ग की जगह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी।

संसद मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से निर्वाचन आयोग के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

दौड़ के आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल ने कहा कि यह फैसला धावकों की सुरक्षा और उनके अनुभव को ध्यान में रखकर लिया गया है।

आयोजकों ने बयान में कहा, ‘‘दौड़ का दिन करीब आने के साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय के जरिए तैयारियां जारी हैं। हमारा हर फैसला धावकों और व्यापक समुदाय की सुरक्षा तथा उनके अनुभव को ध्यान में रखकर लिया जाता है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘अंतिम तैयारियों के तहत हाफ मैराथन के मार्ग में मामूली बदलाव किए जा रहे हैं। ओपन 10 किमी दौड़ अब संसद मार्ग की जगह सुबह सात बजकर 35 मिनट पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी। इसके मार्ग में भी उसी के अनुसार बदलाव किया गया है।’’

आयोजकों ने कहा कि दौड़ के दिन की सभी संबंधित व्यवस्थाओं में बदलाव के अनुरूप तालमेल बैठाया जा रहा है। प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी आधिकारिक माध्यमों से स्पष्ट रूप से दी जाएगी।

आयोजकों ने इस बड़े आयोजन में शामिल सभी पांच दौड़ों के समय की जानकारी भी साझा की। इसमें 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन सुबह पांच बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी। हालांकि आयोजकों ने स्पष्ट किया कि समय में सरकारी मंजूरी के आधार पर बदलाव किया जा सकता है।’’

आयोजकों को उम्मीद है कि रविवार को होने वाली इस दौड़ में 40,000 से अधिक धावक हिस्सा लेंगे।

दिल्ली पुलिस के डिफेंस कॉलोनी यातायात निरीक्षक मधुरेंद्र कुमार ने कहा कि मार्ग पर यातायात का सुचारू संचालन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

एलीट पुरुष और महिला हाफ मैराथन दौड़ के अलावा, चैंपियंस विद डिसेबिलिटी एवं वरिष्ठ नागरिक दौड़ सुबह छह बजकर 30 मिनट पर, कारपोरेट दौड़ सुबह नौ बजे और ग्रेट दिल्ली रन सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर शुरू होगी।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता