मंगलुरु (कर्नाटक), 14 अक्टूबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अपने कार्यकर्ता निकेत पर एक पुलिस अधिकारी के कथित हमले के विरोध में बृहस्पतिवार को सेंट एजनेस कॉलेज में विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग करेगी।
बुधवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एबीवीपी कर्नाटक दक्षिण प्रांत के संयुक्त सचिव सुवित शेट्टी ने कहा कि उनके संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में टाउन हॉल में एकत्रित होंगे और संबंधित पुलिस अधिकारी को तत्काल निलंबित करने की मांग करेंगे।
शेट्टी ने आरोप लगाया कि सेंट एजनेस कॉलेज में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान “भारत माता की जय” का नारा लगाने के लिए पुलिस द्वारा निकेत को मारा पीटा गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शनकारियों से जमानत बांड भरवाने और शपथ पत्र दिलवाने की पुलिस विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा किया और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों पर इस तरह की शर्तें लगाए जाने पर चिंता व्यक्त की।
एबीवीपी के मंगलुरु जिला संयोजक शशांक शेट्टी ने कहा, “हम न्याय के लिए लड़ेंगे और निकेत को न्याय मिलने तक प्रयास जारी रखेंगे।”
भाषा सं राजेंद्र संतोष
संतोष