इंफाल, 14 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने राज्य में शांति बहाल करने और विभिन्न समुदायों के बीच एकता मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों का बुधवार को आह्वान किया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
सिंह ने इंफाल पश्चिम जिले के चुमथांग शानापुंग में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को संबोधित करते हुए यह अपील की।
उन्होंने कहा कि मणिपुर के प्रति प्रेम जताने के बावजूद कुछ लोग घाटी से बाहर निकलने और सभी समुदायों को अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं।
सिंह ने कहा कि मणिपुर में 36 समुदाय रहते हैं और राज्य को ऐसे नेताओं की जरूरत है, जो लोगों को एकजुट करने तथा आपसी एकता को बढ़ावा देने में सक्षम हों।
भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
बयान में कहा गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 42 सरकारी विभागों ने जनसंपर्क शिविर आयोजित किए, जिनके माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने, जानकारी हासिल करने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का अवसर मिला।
भाषा शफीक रंजन
रंजन