नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत की मेजबानी में इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का उद्घाटन करेंगे।
लोकसभा सचिवालय ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री 26 अक्टूबर को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में इस बहुपक्षीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
तीन-दिवसीय यह कार्यक्रम 25 अक्टूबर से शुरू होगा और एक संयुक्त वक्तव्य को अंगीकार किए जाने के साथ संपन्न होगा।
ब्रिक्स संसदीय मंच की यह बैठक पिछले महीने यहां आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कुछ ही समय बाद हो रही है।
इस उच्चस्तरीय बहुपक्षीय कार्यक्रम में ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के संसदीय नेताओं, पीठासीन अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
बैठक में वैश्विक सहयोग और विधायी कूटनीति प्रमुखता से चर्चा के केंद्र में रहने की संभावना है।
औपचारिक सत्रों से पहले विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों के सचिव घोषणा-पत्र या संयुक्त वक्तव्य के दस्तावेज को अंतिम रूप देंगे।
ब्रिक्स संसदीय मंच सदस्य देशों के लिए आधिकारिक अंतर-संसदीय मंच के रूप में काम करता है, जिसका उद्देश्य विधायी एजेंडे में समन्वय स्थापित करना, लोकतांत्रिक संवाद को बढ़ावा देना और ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूती प्रदान करना है।
भाषा हक हक सुरेश
सुरेश