Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

दिल्ली कैपिटल्स में भरोसा बहाल करना चाहते हैं सौरव गांगुली और युवराज सिंह

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के सहायक और बल्लेबाजी कोच युवराज सिंह ने कहा कि उन्होंने मुख्य कोच सौरव गांगुली के साथ मिलकर फ्रेंचाइजी में यह भरोसा बहाल करने का लक्ष्य रखा है कि टीम आईपीएल प्लेऑफ में जगह बना सकती है।

दिल्ली कैपिटल्स 2008 में लीग की शुरुआत के बाद से कभी आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी है। टीम ने आखिरी बार 2021 सत्र में अंतिम चार में जगह बनाई थी।

युवराज ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में कहा, ‘‘हमारे अंदर निश्चित रूप से क्षमता है और इसी वजह से दादा (गांगुली) और मैं यह भरोसा वापस लाने के लिए साथ आए हैं। हमारा पहला लक्ष्य प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई करना है लेकिन हम यहां चैंपियनशिप जीतने के लिए आए हैं और मुझे नहीं लगता कि हम ऐसा नहीं कर सकते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अतीत में ऐसा नहीं हुआ तो इसका मतलब यह नहीं है कि भविष्य में भी ऐसा नहीं हो सकता। हम ऐसी टीम और माहौल तैयार करना चाहते हैं जो मुकाबला करने, किसी भी प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देने और हर परिस्थिति में प्रदर्शन करने के लिए तैयार हो।’’

युवराज ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स को अपनी टीम के संयोजन में बहुत ज्यादा बदलाव करने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसे आत्मविश्वास बढ़ाने पर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘इस स्तर पर हर खिलाड़ी के पास कौशल है और वह टीम में कुछ अलग योगदान देता है। लेकिन मैं ऐसी जगह से आता हूं जहां आत्मविश्वास बेहद महत्वपूर्ण है।’’

युवराज ने टीम के बल्लेबाजों पर भरोसा जताते हुए कहा कि लोकेश राहुल एक मजबूत खिलाड़ी हैं जिन्हें वह लंबे समय से देखते आए हैं जबकि ट्रिस्टन स्टब्स काफी रोमांचक प्रतिभा हैं। उन्होंने समीर रिजवी और आशुतोष शर्मा जैसे खिलाड़ियों को भी अच्छा आक्रामक बल्लेबाज बताया।

युवराज ने कहा कि जब गांगुली ने उन्हें दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग टीम से जुड़ने के लिए कहा तो उन्हें फैसला लेने में कोई परेशानी नहीं हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने पूछा, ‘क्या तुम मेरे सहायक बनोगे?’ मैंने कहा, ‘मैं पिछले 25 साल से आपका सहायक रहा हूं इसलिए शायद अब भी वही काम करूंगा।’ मुझे यह भूमिका निभाकर बहुत खुशी हुई।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता