Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

जेएनयू में एबीवीपी का प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद अकोइजम की गिरफ्तारी की मांग

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद तथा जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर अंगोमचा बिमल अकोइजम को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए बुधवार को विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया।

एबीवीपी की जेएनयू इकाई ने मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

संगठन ने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताने के बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।

प्रदर्शनकारी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर इकट्ठा हुए और अकोइजम का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति द्वारा छात्राओं की शिकायतों की जांच के बाद अकोइजम को प्रोफेसर के पद से हटाए जाने के बाद हुआ।

छात्र संगठन ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

एबीवीपी की जेएनयू इकाई के अध्यक्ष मयंक पांचाल ने कहा कि पुलिस को आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए और जांच में किसी भी तरह का राजनीतिक प्रभाव बाधा नहीं बनना चाहिए।

पांचाल ने कहा, ‘‘महिलाओं की सुरक्षा केवल नारों और भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक हितों के आधार पर महिलाओं की सुरक्षा के मामले में अलग-अलग मापदंड अपनाती है।

एबीवीपी की जेएनयू इकाई के सचिव प्रवीण कुमार पीयूष ने कहा कि संगठन विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहा है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की और कहा कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।

एबीवीपी ने कहा कि किसी भी राजनीतिक पार्टी की छवि से ज्यादा प्राथमिकता छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान को दी जानी चाहिए।

भाषा जोहेब शफीक

शफीक