नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने डेयरी बाजार में अपने कारोबार का विस्तार करते हुए तैयार पेय के रूप में उपलब्ध डेयरी उत्पादों के बाजार में ‘जॉयलैंड’ ब्रांड के साथ कदम रखा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की दैनिक उपयोग की वस्तुएं बनाने वाली इकाई ने बयान में कहा कि कंपनी ने तमिलनाडु में 'जॉयलैंड ब्रांड' के तहत 'स्ट्रॉबेरी' और 'वनीला' जैसे स्वादों वाला ‘फ्लेवर्ड मिल्क’ पेश किया है।
यह घटनाक्रम आरसीपीएल द्वारा एक महीने पहले ‘बॉम्बे क्रीमरी’ ब्रांड के साथ भारत के आइसक्रीम बाजार में प्रवेश की घोषणा के बाद सामने आया है।
कंपनी ने कहा, “इस पेशकश से आरसीपीएल के समग्र पेय उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार होगा। यह किफायती कीमतों पर उपभोक्ताओं को विश्वस्तरीय उत्पाद उपलब्ध कराने की उसकी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।”
आरसीपीएल के निदेशक टी. कृष्णकुमार ने इस घटनाक्रम पर कहा कि तैयार डेयरी पेय के बाजार में प्रवेश करना कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो के विस्तार और उपभोक्ताओं के लिए विकल्प बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा, “तमिलनाडु से इस यात्रा की शुरुआत हो रही है। हमारा लक्ष्य जॉयलैंड के तहत डेयरी पेय उत्पादों की व्यापक श्रृंखला विकसित करना और धीरे-धीरे देशभर में इसकी पहुंच बढ़ाना है।”
उन्होंने कहा कि जॉयलैंड ब्रांड को चरणबद्ध तरीके से पूरे भारत में पेश किया जाएगा।
भारत में तैयार पेय के रूप में उपलब्ध दूध का बाजार धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसके पीछे आसानी से इस्तेमाल किए जा सकने वाले और स्वच्छ तरीके से पैक किए गए डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग, शहरीकरण में वृद्धि तथा खासकर युवा उपभोक्ताओं की बदलती आदतें प्रमुख कारण हैं।
भाषा राजेश राजेश योगेश
योगेश