नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 34.2 प्रतिशत बढ़कर 780 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 581 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय 15.6 प्रतिशत बढ़कर 2,534 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,192 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय 12 प्रतिशत बढ़कर 3,188 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में यह 2,851 करोड़ रुपये थी।
कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) 30 सितंबर, 2026 तक 11.6 प्रतिशत बढ़कर 1,24,638 करोड़ रुपये हो गईं। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 1,11,721 करोड़ रुपये थीं।
कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रति शेयर दो रुपये के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है। इसके लिए पात्र शेयरधारकों का निर्धारण करने को 23 अक्टूबर की तारीख रिकॉर्ड तिथि तय की गई है।
भाषा यासिर अजय
अजय