नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के आयोजकों ने बुधवार को घोषणा की कि रविवार को होने वाली दौड़ के मार्ग में ‘मामूली बदलाव’ किए जाएंगे। वहीं 10 किमी दौड़ अब संसद मार्ग की जगह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी।
संसद मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से निर्वाचन आयोग के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
दौड़ के आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल ने कहा कि यह फैसला धावकों की सुरक्षा और उनके अनुभव को ध्यान में रखकर लिया गया है।
आयोजकों ने बयान में कहा, ‘‘दौड़ का दिन करीब आने के साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय के जरिए तैयारियां जारी हैं। हमारा हर फैसला धावकों और व्यापक समुदाय की सुरक्षा तथा उनके अनुभव को ध्यान में रखकर लिया जाता है।’’
बयान के अनुसार, ‘‘अंतिम तैयारियों के तहत हाफ मैराथन के मार्ग में मामूली बदलाव किए जा रहे हैं। ओपन 10 किमी दौड़ अब संसद मार्ग की जगह सुबह सात बजकर 35 मिनट पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी। इसके मार्ग में भी उसी के अनुसार बदलाव किया गया है।’’
आयोजकों ने कहा कि दौड़ के दिन की सभी संबंधित व्यवस्थाओं में बदलाव के अनुरूप तालमेल बैठाया जा रहा है। प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी आधिकारिक माध्यमों से स्पष्ट रूप से दी जाएगी।
आयोजकों ने इस बड़े आयोजन में शामिल सभी पांच दौड़ों के समय की जानकारी भी साझा की। इसमें 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन सुबह पांच बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी। हालांकि आयोजकों ने स्पष्ट किया कि समय में सरकारी मंजूरी के आधार पर बदलाव किया जा सकता है।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता