जमशेदपुर, 14 अक्टूबर (भाषा) टाटा स्टील प्राणी उद्यान में बाघिन सुनैना ने तीन शावकों को जन्म दिया है। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
टाटा स्टील ने एक बयान में बताया कि पशु चिकित्सा संबंधी नियमों के तहत शावकों की शुरुआती अवधि की करीबी निगरानी और देखभाल पूरी होने के बाद यह घोषणा की गई।
इसमें कहा गया, ‘‘बाघिन सुनैना ने 23 सितंबर को तीन शावकों को जन्म दिया, जिनमें दो मादा और एक नर है।’’
पहली बार मां बनी सुनैना ने अनजाने में एक मादा शावक को घायल कर दिया था। हालांकि, चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम ने तत्काल उसका इलाज किया।
बयान के मुताबिक, शावक की हालत में अब संतोषजनक सुधार हो रहा है और उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है लेकिन पशु चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं।
अन्य दोनों शावकों की हालत ठीक है। नर शावक का वजन लगभग 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन करीब 2.53 किलोग्राम है।
तीनों शावक पशु चिकित्सा की निगरानी में हैं। उनकी गतिविधियों पर चिड़ियाघर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी नजर रखी जा रही है।
चिड़ियाघर प्रबंधन ने आम लोगों से तीनों शावकों के लिए एक-एक नाम सुझाने का अनुरोध किया है।
चिड़ियाघर द्वारा गठित एक समिति प्राप्त सुझावों में से तीन सर्वश्रेष्ठ नामों का चयन करेगी। चयनित विजेताओं को निःशुल्क चिड़ियाघर प्रवेश पास और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश