नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कैंसर का जल्द पता लगाने और मुश्किल हालात में भी हिम्मत बनाए रखने के महत्व पर बुधवार को जोर दिया।
राधाकृष्णन ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कैंसर बिना किसी दर्द या स्पष्ट लक्षण के भी चुपचाप पनप सकता है। उन्होंने संभावित स्वास्थ्य समस्याओं का शुरुआती दौर में ही पता लगाने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परीक्षण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
राधाकृष्णन ने ये बातें आनंद शंकर जयंती की किताब ‘डांसिंग विद जॉय’ के विमोचन के मौके पर कहीं।
उन्होंने जीवन की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुख और कठिनाइयां दोनों इसका हिस्सा हैं।
राधाकृष्णन ने आशा और आंतरिक शक्ति बनाए रखते हुए जीवन की अनिश्चितताओं को स्वीकार करने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कठिन परिस्थितियों से उबरने में कला, रचनात्मकता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की भूमिका को भी रेखांकित किया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि सफलता और असफलता एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और हर असफलता सीखने, आत्मचिंतन करने तथा नये संकल्प के साथ फिर से आगे बढ़ने का अवसर देती है।
उन्होंने कैंसर और अन्य गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों से हिम्मत न हारने का आग्रह किया और साहस एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश