अलीगढ़ (उप्र), 14 अक्टूबर (भाषा) अलीगढ़ जिले के अतरौली स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को कक्षा की छत का प्लास्टर गिरने से चार छात्राएं घायल हो गईं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पूरन सिंह ने बताया कि अतरौली स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में एक कक्षा में कुछ छात्राएं पढ़ रही थीं, तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से चार छात्राएं घायल हो गयीं।
उन्होंने बताया कि घायल छात्राओं को तत्काल अतरौली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
सिंह ने बताया कि चिकित्सकों के मुताबिक तीन छात्राओं की हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि एक अन्य छात्रा का उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि छत को सहारा देने वाली बीम सुरक्षित रही, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया, क्योंकि अगर बीम को नुकसान पहुंचता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
सिंह ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने कक्षा की मरम्मत के लिए पहले ही शिक्षा विभाग से धनराशि की मांग की थी और विभाग ने मरम्मत के लिए धनराशि स्वीकृत भी कर दी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से राशि जारी नहीं हो सकी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि मरम्मत के लिए आवश्यक धनराशि जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि कॉलेज में जरूरी मरम्मत का काम कराया जा सके।
भाषा सं. सलीम संतोष
संतोष