नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) आईडीबीआई बैंक के शेयर में बुधवार को करीब नौ प्रतिशत की तेजी आई। इससे कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 8,086 करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ।
इस दौरान घरेलू शेयर बाजार में कुल मिलाकर गिरावट का रुख रहा।
बाजार बंद होने के बाद बुधवार को बताया गया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को 52,878 करोड़ रुपये में बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एयर इंडिया की बिक्री के बाद यह देश का सबसे बड़ा रणनीतिक विनिवेश है। इस सौदे से सरकारी नियंत्रण वाले बैंकों के निजीकरण की प्रक्रिया को भी नयी दिशा मिलने की संभावना है।
बीएसई पर आईडीबीआई बैंक का शेयर 9.07 प्रतिशत उछलकर 90.44 रुपये पर रहा। कारोबार के दौरान यह 12.90 प्रतिशत चढ़कर 93.62 रुपये तक पहुंच गया था।
एनएसई पर बैंक का शेयर 8.98 प्रतिशत की बढ़त के साथ 90.39 रुपये पर बंद हुआ।
बैंक का बाजार पूंजीकरण 8,085.82 करोड़ रुपये बढ़कर 97,244.73 करोड़ रुपये हो गया।
इस बीच, बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 251.89 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 72,781.89 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 99.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 22,622.70 अंक पर बंद हुआ।
भाषा यासिर योगेश
योगेश