Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

नेचर मॉर्ट आर्ट गैलरी के संस्थापक पीटर नागी का 67 साल की उम्र में निधन

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) नेचर मॉर्ट आर्ट गैलरी के संस्थापक पीटर नागी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।

अमेरिका में जन्मे कलाकार नागी ने भारत को अपना घर बनाया और गैलरी संचालक के रूप में समकालीन कलाकारों को प्रोत्साहित किया। वह 67 वर्ष के थे।

गैलरी ने एक बयान में बताया कि उनका मंगलवार देर रात दिल्ली स्थित अपने आवास पर निधन हो गया।

नागी ने 1997 में दिल्ली में नेचर मॉर्ट की स्थापना की थी।

गैलरी ने इंस्टाग्राम पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘उन्होंने ठीक वैसे ही जीवन जिया, जैसा वह चाहते थे-निडर होकर, बेबाकी से और पूरी आजादी के साथ।’’

एक कलाकार के रूप में 1980 के दशक में अपनी कला से पहचान बनाने वाले नागी ने 1982 में कलाकार एलन बेल्चर के साथ न्यूयॉर्क के ईस्ट विलेज में गैलरी नेचर मॉर्ट की स्थापना की थी।

न्यूयॉर्क स्थित गैलरी 1988 में बंद हो गई, जिसके बाद नागी 1992 में भारत आ गए। उन्होंने 1997 में दिल्ली में नेचर मॉर्ट की स्थापना एक ऐसे ‘‘स्थान के रूप में की, जिसका संचालन कलाकारों के लिए किया जाता है।’’

प्रख्यात फोटोग्राफर दयानिता सिंह ने नागी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत में समकालीन कला की अवधारणा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। सिंह ने नेचर मॉर्ट के शुरुआती दिनों में नागी के साथ काम किया था।

इंडिया आर्ट फेयर ने भी नागी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि समकालीन कला में उनके असाधारण योगदान ने आज के सांस्कृतिक परिदृश्य को आकार देने में मदद की।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश