नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में रुपयों को लेकर हुए विवाद में अपने 35 वर्षीय भतीजे की हत्या के आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवाल ने बताया कि सात अक्टूबर की रात शहीद भगत सिंह कॉलोनी में हुई बहस के बाद 45 वर्षीय हरीश कुमार शर्मा ने अपने भतीजे हिमांशु उर्फ जीत पर धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि हिमांशु को परिजन जग प्रवेशचंद अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अलवाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई थी जिसने हरीश शर्मा को तलाश करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल की गई तलवार, एक मोबाइल फोन और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए। पुलिस ने बताया कि आरोपी का कोई पिछला आपराधिक इतिहास नहीं है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश