Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा का झंडा लहराने के मामले में पुलिस से शिकायत, जांच के आदेश

बलिया (उप्र), 14 अक्टूबर (भाषा) बलिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से कांग्रेस के जिला कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा का झंडा लहराने के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन दिया और मंगलवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी के झंडे के साथ छेड़छाड़ करने और भाजपा का झंडा फहराने का आरोप लगाते हुए दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधीक्षक राजा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि नगर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक को मामले की जांच सौंपी गयी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में उपलब्ध करायी गयी वीडियो फुटेज की जांच करेगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष दर्जा प्राप्त मंत्री चारु चौधरी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता महिलाओं ने मंगलवार को कांग्रेस के सांसद और दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के बर्खास्त प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम द्वारा छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर कांग्रेस के विरुद्ध नारेबाजी की थी और कांग्रेस कार्यालय प्रांगण और उसकी छत पर कथित रूप से भाजपा का झंडा लहराया था।

भाषा सं. सलीम संतोष

संतोष