कोलकाता, 14 अक्टूबर (भाषा) मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि 18 अक्टूबर को सप्तमी यानी दुर्गा पूजा के पहले दिन से राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लिहाजा कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में दुर्गा पूजा उत्सव में बारिश की वजह से व्यवधान नहीं पड़ेगा।
हालांकि, पूजा से पहले 17 अक्टूबर तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 18 से 22 अक्टूबर तक कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
विभाग ने कहा कि उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में 18 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिसके बाद इस क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कोलकाता और उसके आसपास कई बड़े सामुदायिक पूजा पंडाल पहले ही लोगों के लिए खुल चुके हैं। ऐसे में 17 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना के कारण पूजा से पहले के दिनों में उत्सव का आनंद प्रभावित हो सकता है।
दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान कोलकाता और राज्य के अन्य स्थानों पर हर उम्र के लोग बड़ी संख्या में पूजा पंडालों में पहुंचते हैं।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश