Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

अमेठी में सपा के बागी विधायक भाजपा में शामिल, ईरानी ने गांधी परिवार पर निशाना साधा

अमेठी (उप्र), 14 अक्टूबर (भाषा) अमेठी के गौरीगंज से विधायक समेत समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक बुधवार को केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए।

गौरीगंज में आयोजित भाजपा के सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग को निशाना बनाकर देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने ‘युवराज’ को ‘शहंशाह’ बनाना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कई विपक्षी दलों को एकजुट कर ले, तब भी उसे सफलता नहीं मिलेगी।

इस कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के बागी विधायकों राकेश प्रताप सिंह (गौरीगंज), अभय सिंह (गौसाईगंज) और विनोद चतुर्वेदी (कालपी) ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

चौधरी ने दावा किया कि भाजपा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अमेठी और रायबरेली ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में निर्णायक जीत हासिल करेगी और लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

ईरानी ने कहा कि 1989 से कांग्रेस की सरकार उत्तर प्रदेश में नहीं है और वे लगातार नौ चुनाव हारे हैं।

अमेठी की पूर्व सांसद ईरानी ने कहा, ‘‘गांधी परिवार के अंदर इतना साहस नहीं है कि अमेठी से अकेले चुनाव लड़ सके। अमेठी से चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस को सपा की साइकिल का सहारा लेना पड़ता है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज दिल्ली में कांग्रेस निर्वाचन आयोग को मोहरा बनाकर भारत के लोकतंत्र को कुचलना चाहती है, लेकिन उसके इस मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।’’

सदस्यता ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा, ‘‘भारत किसी की जागीर नहीं है। देश की जनता जाग चुकी है, जाति और परिवारवादी राजनीति का खात्मा शुरू हो गया है। देश की जनता सपा और कांग्रेस को रसातल में भेजने का काम करेगी।’’

भाषा सं जफर शफीक

शफीक