कोलकाता, 14 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 साल पूरे होने पर एक प्रस्ताव पारित किया और समूचे राज्य में विभिन्न विभागों में 45,185 पद भरे जाने को मंजूरी दी।
बैठक के बाद शुभेंदु ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बांग्ला भाषा को उसका उचित सम्मान दिलाया है।
वर्ष 2024 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बांग्ला के साथ मराठी, पाली, असमिया और प्राकृत को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने की मंजूरी दी थी।
शुभेंदु ने राज्य और देश के विकास में योगदान के लिए भी प्रधानमंत्री की सराहना की।
उन्होंने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं पश्चिम बंगाल, गुजरात और भारत की प्रगति में योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने उनके निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक प्रस्ताव पारित किया है।’’
शुभेंदु ने बताया कि मंत्रिमंडल ने विभिन्न विभागों में 45,185 पदों पर भर्ती को भी मंजूरी दी है। इनमें से 33,199 पद स्कूलों में भरे जाएंगे जबकि पंचायत क्षेत्र में 7,000 नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने बंद चाय बागानों के श्रमिकों को त्योहारों के मौसम में चावल उपलब्ध कराने का भी फैसला किया है।
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश