हैदराबाद, 14 अक्टूबर (भाषा) एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को अपनी पार्टी की 2029 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोबारा सत्ता में आने से रोकने की प्रतिबद्धता दोहराई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष को 2029 में ‘‘करारी हार’’ के लिए तैयार रहना चाहिए, पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम का लगातार लक्ष्य भाजपा को हराना रहा है और अन्य राजनीतिक दलों को अपनी रणनीति खुद तय करनी चाहिए।
यह रेखांकित करते हुए कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे बड़े नेताओं ने हैदराबाद में उनके खिलाफ प्रचार किया था, ओवैसी ने कहा, ‘‘इसके बावजूद एआईएमआईएम 2029 में भाजपा को रोकने की दिशा में काम करती रहेगी।’’
ओवैसी ने यहां संवाददाताओं के समक्ष दावा किया कि पिछले तीन महीनों में तेलंगाना में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान किसी अन्य राजनीतिक दल ने एआईएमआईएम जितना काम नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि एआईएमआईएम ने तेलंगाना, महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तराखंड के तीन जिलों में एसआईआर प्रक्रिया में विभिन्न धर्मों के लोगों की मदद के लिए एक ऐप तैयार किया।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘अन्य राजनीतिक दल ऐसा काम क्यों नहीं कर सके?’’
ओवैसी ने कहा, ‘‘हालांकि एआईएमआईएम का मानना है कि एसआईआर गलत था, लेकिन उच्चतम न्यायालय में इस प्रक्रिया के पक्ष में फैसला आया। अब हमारे पास क्या विकल्प बचते हैं? हमने पुनर्विचार याचिका दायर की है।’’
ओवैसी ने बुधवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय का रुख भी किया।
उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति पर बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए राज्य में गठबंधन बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हम कह रहे हैं कि यदि आप (समाजवादी पार्टी और अन्य दल) योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने से रोकना चाहते हैं, जैसा कि हम भी चाहते हैं, तो आइए बातचीत करें। हम गठबंधन बनाएंगे। आज भी हम यह सुनिश्चित करने के लिए गठबंधन बनाने के प्रयास कर रहे हैं कि भाजपा तीसरी बार सरकार न बना सके।’’
उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के बीच गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए दो अक्टूबर तक की समयसीमा तय करने संबंधी अपनी टिप्पणी का उल्लेख करते हुए ओवैसी ने कहा कि बातचीत अब भी जारी है।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश