Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले छह टी20 मैच का पूरा फायदा उठाना चाहेगी भारतीय टीम: मंधाना

रायपुर, 14 अक्टूबर (भाषा) भारतीय महिला टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को कहा कि उनकी टीम अगले साल होने वाली शुरूआती महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले होने वाले छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

मंधाना शुक्रवार से यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के तौर पर भारतीय टीम की अगुआई करेंगी। इसके बाद दोनों टीम के बीच तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे।

इस बीच एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला टीम बृहस्पतिवार को पुरुष टीम के साथ नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों सम्मानित होने के कार्यक्रम में हिस्सा लेगी।

मंधाना ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय श्रृंखला खेलना काफी रोमांचक है। हम पहली बार उनके खिलाफ खेलेंगे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी जिम्बाब्वे और अन्य एसोसिएट देशों के साथ खेलने पर लगता है कि आप उनसे भी काफी कुछ सीख सकते हैं क्योंकि वे अपने क्रिकेट का भरपूर आनंद लेते हैं। ’’

मंधाना ने कहा, ‘‘कभी-कभी हम पेशेवर क्रिकेट में कई चीजों में उलझ जाते हैं। आप उनसे काफी कुछ सीख सकते हैं। लेकिन भारतीय टीम के तौर पर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले हमारे पास छह टी20 मैच हैं। इसलिए हम अगले तीन महीनों में चैंपियंस ट्रॉफी तक अपनी तैयारियों के लिए कुछ मानक तय करना चाहेंगे कि भारतीय टीम के तौर पर हमें किस तरह आगे बढ़ना है।’’

मंधाना ने कहा कि टी20 प्रारूप में भारतीय टीम को अभी कई क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल में हमने विश्व कप जीता है, लेकिन टी20 प्रारूप में कुछ ऐसी चीजें थीं जिन पर हमें विशेष रूप से काम करने की जरूरत थी। ’’

मंधाना ने कहा, ‘‘हमें कई चीजों पर काम करना है और बहुत कुछ व्यवस्थित करना है। लेकिन मुझे लगता है कि आज अच्छी और सकारात्मक बातों पर चर्चा करने का दिन है। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर