शिमला, 14 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिल्लाघ्राट इलाके में गोवंश की हत्या की कथित घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) सहित कई हिंदू संगठनों के सदस्यों ने बुधवार को चंबा शहर में धरना दिया और बाजार बंद कराया।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को घाघरोटा इलाके के घने जंगल में स्थानीय लोगों को गोवंश के संदिग्ध अवशेष और वध में इस्तेमाल होने वाले औजार मिले, जिसके बाद चंबा पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कानून के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कथित घटना से इलाके में तनाव फैल गया। हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल, विहिप और दूसरे हिंदू संगठनों ने चंबा में विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने कथित घटना को अपनी आस्था पर “हमला” बताया और कहा कि ‘देवभूमि’ में ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश मवेशी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की मांग को लेकर चंबा में धरना दिया और बाजार बंद करवाए। विरोध-प्रदर्शन की वजह से इलाके में भारी यातायात जाम लग गया।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत