Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

गिर सोमनाथ जिले में शेरनी के हमले में एक व्यक्ति की मौत

गिर सोमनाथ (गुजरात), 14 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में जंगली जानवर के हमले में 31 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

वन विभाग को आशंका है कि हमला शेरनी ने किया था।

गिर सोमनाथ जिला वृह्द गिर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो एशियाई शेरों का दुनिया में बचा आखिरी प्राकृतिक आवास है।

वन विभाग ने वलादर गांव में महेश राठौड़ का शव उनके घर के पास एक खेत में मिलने के बाद हमला करने वाले जानवर को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं।

जमवाला रेंज के सहायक वन संरक्षक प्रभाकर कुमार ने कहा, ‘‘बुधवार रात करीब एक बजे वन विभाग को सूचना मिली कि महेश राठौड़ लापता हैं। वह वलादर गांव में चरागाह के पास अपने घर के बाहर सो रहे थे।’’

वन अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान के बाद राठौड़ का शव मिला।

कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम जांच से पुष्टि हुई कि राठौड़ की मौत जंगली जानवर के हमले में हुई।

ग्रामीणों ने दावा किया कि शेरनी ने राठौड़ पर हमला कर उन्हें मार डाला।

राठौड़ के परिवार ने अधिकारियों से अधिक मुआवजे की मांग करते हुए उनका शव स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

उनके भाई मुकेश राठौड़ ने कहा, ‘‘हम केवल 10 लाख रुपये की सहायता नहीं चाहते। हमें अधिक आर्थिक मदद चाहिए, क्योंकि महेश के पांच बच्चे हैं।’’

भाषा राखी शफीक

शफीक