Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

केरलमः पलक्कड़ में भीड़ हिंसा के मामले में सात गिरफ्तार

पलक्कड़ (केरलम), 14 अक्टूबर (भाषा) केरलम के पलक्कड़ जिले में भीड़ द्वारा व्यक्ति की कथित तौर पर पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मीनाक्षीपुरम के पास मूलथारा बांध के निकट अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस द्वारा की गई जांच में भीड़ द्वारा पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी।

यह घटना कथित तौर पर शनिवार को हुई थी और इसने पूरे जिले को झकझोर दिया है। हाल के वर्षों में पलक्कड़ जिले में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की यह तीसरी कथित घटना है।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह बांध के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मृत व्यक्ति का शव देखा था।

पुलिस के अनुसार, त्रिशूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किए गए पोस्टमार्टम में हत्या के संकेत मिले।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वह कथित तौर पर कुछ समय से तमिलनाडु की सीमा से लगे केरलम के इस गांव में घूमता हुआ देखा जा रहा था। उसकी पहचान स्थापित करने के लिए पड़ोसी राज्य में भी जांच की जा रही है।

मीनाक्षीपुरम पुलिस के अनुसार, 20 से 25 वर्ष की उम्र के आरोपियों ने कथित तौर पर शराब के नशे में उस व्यक्ति पर पत्थरों और लकड़ी के पट्टों से हमला किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उक्त व्यक्ति हाल के दिनों में आरोपियों में से एक के घर के पास सो रहा था।

आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उस व्यक्ति ने घर की कुछ महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार किया था, जिससे वे नाराज हो गए थे।

अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने दावा किया कि उनका इरादा उसकी हत्या करना नहीं, बल्कि उसे वहां से भगाना था।

बताया जाता है कि इसके बाद विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपियों ने बांध के पास उस व्यक्ति को पकड़कर बेरहमी से पीटा। उस पर पत्थर फेंकने और लकड़ी के पट्टों से हमला करने का भी आरोप है।

पुलिस को संदेह है कि मृतक को सुनने और बोलने में परेशानी थी, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरुआत में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद मामले में अधिक गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी।

पलक्कड़ जिले में इससे पहले भी भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की कथित घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

फरवरी 2018 में अट्टापडी के चिंडक्की ऊरू के 27 वर्षीय आदिवासी युवक मधु की भीड़ ने पीटकर हत्या कर दी थी। उस पर एक दुकान से चावल और अन्य किराने का सामान चुराने का आरोप लगाया गया था।

एक अन्य घटना में, दिसंबर 2025 में छत्तीसगढ़ के एक निवासी की चोरी के संदेह में कथित तौर पर पीटकर हत्या करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। यह घटना वालायर पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में हुई थी।

भाषा राखी पवनेश

पवनेश