Breaking News

3 दिवसीय भारत दौरे पर पोलैंड के प्रधानमंत्री, आज पीएम मोदी से होगी मुलाकात     |   फ्रांस में जारी प्रदर्शनों के बीच भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी     |   43 साल पुराने गैंगरेप केस में इलाहाबाद HC का फैसला, सबूतों के अभाव में 3 आरोपियों को किया बरी     |   मुंबई एयरपोर्ट पर करोड़ों की गोल्ड स्मगलिंग का पर्दाफाश, एयरपोर्ट कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार     |   सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, एक की मौत और 8 घायल, कई फ्लाइट्स डायवर्ट     |  

ओडिशा में छात्र संघ चुनाव: उत्कल विश्वविद्यालय में दो छात्र समूहों के बीच झड़प, पुलिस तैनात

भुवनेश्वर, 14 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा में उत्कल विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और बीजू जनता दल (बीजद) से जुड़े छात्र समूहों के बीच झड़प हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सभा स्थल पर कथित तौर पर गैर-छात्रों की मौजूदगी को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान एबीवीपी और बीजद के छात्र संगठन बीजू छात्र जनता दल (बीसीजेडी) के सदस्यों ने एक-दूसरे पर प्लास्टिक की कुर्सियां फेंकीं। तनाव के कारण बैठक में देरी हुई और स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को परिसर में पहुंचना पड़ा।

पुलिस आयुक्त एस देवदत्त सिंह और भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त सरवण विवेक एम भी छात्रों को शांत कराने पहुंचे।

सिंह ने कहा कि परिसर से बाहरी लोगों को हटाकर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जाएंगे। पुलिस उपायुक्त ने गैर-छात्रों से सभा स्थल छोड़ने को कहा और पुलिस की मौजूदगी में बैठक की अनुमति दी। परिसर में पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए। सभा दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस निगरानी में शुरू हुई।

यह घटना रविवार रात विश्वविद्यालय के लड़कों के छात्रावास पर बम फेंके जाने के कुछ दिन बाद हुई है। विश्वविद्यालय ने परिसर में 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर स्थानीय पुलिस और सेना के पूर्व कर्मियों को भी तैनात किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, रेवेनशॉ, संबलपुर और आरडी महिला विश्वविद्यालयों में ‘मैं चुनाव में क्यों खड़ा हूं’ विषय पर बैठकें शांतिपूर्ण रहीं।

ओडिशा के 359 उच्च शिक्षण संस्थानों में बृहस्पतिवार को चुनाव होंगे। इनमें 346 कॉलेज और 13 विश्वविद्यालय शामिल हैं। कुल 6,891 उम्मीदवार मैदान में हैं। कॉलेजों में 872 पुरुषों और 725 महिलाओं सहित 1,597 प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए हैं। विश्वविद्यालयों में भी 42 प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। मतगणना और परिणामों की घोषणा उसी दिन होगी, जबकि शपथ ग्रहण समारोह 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगा। राज्य में आठ साल के अंतराल के बाद छात्र संघ चुनाव हो रहे हैं। कोविड-19 महामारी सहित विभिन्न कारणों से ये चुनाव स्थगित रहे थे।

भाषा तान्या रंजन

रंजन